September 30, 2026 6:38 pm

महेंद्र भट्ट के गृह क्षेत्र नागनाथ पोखरी में ABVP नहीं आर्यन ग्रुप का दबदबा

चमोली। छात्रसंघ चुनाव के नतीजों में चमोली के नागनाथ पोखरी महाविद्यालय में आर्यन ग्रुप ने कई प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट इसी क्षेत्र से आते हैं। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में अध्यक्ष पद समेत छह में से सभी प्रमुख पदों पर आर्यन ग्रुप के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।

अध्यक्ष पद पर आर्यन ग्रुप के राहुल सिंह ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के शिवम पंत को 38 मतों से हराया। राहुल सिंह को 176, जबकि शिवम पंत को 138 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर आर्यन ग्रुप की दिव्या ने एबीवीपी की रितिका को 74 मतों से पराजित किया। दिव्या को 186 और रितिका को 112 मत मिले।

विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर आर्यन ग्रुप के प्रियांशु नेगी विजयी रहे। उन्हें 181 मत मिले, जबकि एबीवीपी के अखिल सिंह को 125 मत प्राप्त हुए। सचिव पद पर आर्यन ग्रुप के सूरज सिंह ने एबीवीपी की कोमल सिंह को 37 मतों से हराया। सूरज सिंह को 170 और कोमल सिंह को 133 मत मिले।

सह सचिव पद पर आर्यन ग्रुप की रोनिका ने जीत दर्ज की। उन्हें 182 मत मिले, जबकि एबीवीपी की हिमांशी को 112 मत प्राप्त हुए। कोषाध्यक्ष पद पर आर्यन ग्रुप की प्रियांशी ने एबीवीपी की महक को पराजित किया। प्रियांशी को 182 और महक को 110 मत मिले।

महाविद्यालय में कुल 381 मतदाताओं में से 319 ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 83.7 रहा। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों और समर्थकों ने जुलूस निकालकर खुशी जताई।

नागनाथ पोखरी में आर्यन ग्रुप की इस जीत को इसलिए भी राजनीतिक नजरिये से देखा जा रहा है क्योंकि यह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का गृह क्षेत्र है। हालांकि छात्रसंघ चुनाव के परिणामों को सीधे तौर पर विधानसभा या अन्य चुनावों के राजनीतिक परिणाम से जोड़ना अलग विषय है।