October 14, 2026 7:14 pm

13 नवंबर को होगा तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन…

देहरादून। प्रदेश में तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी दिवस सम्मेलन 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद सभागार में आयोजित होगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने बुधवार को सचिवालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों से सार्थक संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों और सुझावों का लाभ प्रदेश के विकास में लिया जाए।

बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन, प्रचार-प्रसार और देश के विभिन्न राज्यों व शहरों में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि प्रवासियों के अनुभव, विचार और योगदान प्रदेश के विकास में उपयोगी साबित हों।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि सम्मेलन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रमुख सचिव ने एक सप्ताह के भीतर आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने और तैयारियों की प्रगति से तीन-चार दिन में अवगत कराने को कहा। उन्होंने मीडिया, विज्ञापन, होर्डिंग और सामाजिक माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

सम्मेलन में आमंत्रित अतिथियों के आवागमन, परिवहन, ठहरने और भोजन की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने को कहा गया। उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी तय समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पहुंच मार्गों और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।

सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा, ताकि प्रवासी उत्तराखंडियों को प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी मिल सके। प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव शैलेश बगोली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उत्तराखंड प्रवासी प्रकोष्ठ के सदस्य सुधीर चंद्र नौटियाल और उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।