October 16, 2026 1:17 pm

पढ़ाई, सड़क और खेल सुविधाओं के लिए धामी सरकार ने मंजूर किए करीब 130 करोड़ रुपये

देहरादून। उत्तराखंड में शिक्षा, सड़क और खेल सुविधाओं के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करीब 130 करोड़ रुपये की विभिन्न वित्तीय स्वीकृतियों को अनुमोदन दिया है। इसमें विद्यार्थियों को निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें और शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए 124.21 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर में सड़क निर्माण तथा हल्द्वानी में खेल सुविधाओं के विकास के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।

विद्यार्थियों को निश्शुल्क मिलेंगी किताबें

राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक पढ़ने वाले सामान्य, पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए 52.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति को मंजूरी दी गई है।

वहीं, प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री और निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए 72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों मदों में कुल 124.21 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर में बनेंगी सड़कें

पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के कनालीछीना विकासखंड की ग्राम पंचायत भौतड़ी में आंतरिक सीसी मार्ग के निर्माण के लिए 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किश्त के रूप में 48 लाख रुपये जारी करने को भी मंजूरी दी गई है।

इसी तरह ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत दिनेशपुर में नाली सहित पांच किलोमीटर लंबे टाइल्स मार्ग के निर्माण के लिए 4.15 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।

गोलापार में विकसित होंगी खेल सुविधाएं

हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर, गोलापार में एकीकृत खेल अवस्थापना परियोजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 9.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किश्त के रूप में एक करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।

इन स्वीकृतियों के माध्यम से सरकार का लक्ष्य शिक्षा, संपर्क मार्गों और खेल अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करना है।