October 18, 2026 12:42 pm

उत्तराखंड में 19 अक्टूबर को महानवमी का सार्वजनिक अवकाश, शासनादेश जारी

देहरादून। उत्तराखंड में 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इस दिन सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने महानवमी पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में मातृशक्ति का पूजनीय स्थान है। नवरात्र का पर्व नारी शक्ति, श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक है। यह पर्व समाज में महिलाओं के सम्मान, सामर्थ्य और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है।

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी समृद्ध विरासत की पहचान हैं। त्योहार सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने के साथ समाज में आस्था, सद्भाव और एकता की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ इसके मूल्यों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा

शारदीय नवरात्र की महानवमी पर मां दुर्गा के सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा की जाती है। इस अवसर पर कन्या पूजन और हवन का विशेष महत्व है। परंपरा के अनुसार, नौ कन्याओं को भोजन कराकर, उनके चरण धोकर और दक्षिणा देकर सम्मानपूर्वक विदा किया जाता है। महानवमी के साथ ही शारदीय नवरात्र का समापन होता है।