November 12, 2026 6:19 pm

धामी सरकार ने विकास कार्यों के लिए मंजूर किए 3.53 करोड़ रुपये, सड़क से लेकर मंदिर और घंटाघर निर्माण को मिलेगी धनराशि

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों के लिए कुल 3 करोड़ 53 लाख 93 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें पौड़ी, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और चंपावत में सिंचाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, जनमिलन केंद्र, घंटाघर और मंदिरों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई प्रणाली स्थापित करने के लिए 78.50 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इसमें पौड़ी जिले की एक नर्सरी के लिए 14.53 लाख और देहरादून जिले की नौ नर्सरियों के लिए 63.97 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

देहरादून जिले के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के जौनसार-बावर स्थित सुद्धोवाला में जनमिलन केंद्र भवन निर्माण के लिए शेष 40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए 96.79 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसकी पहली किश्त के रूप में 58.07 लाख रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई है।

डोईवाला क्षेत्र के माजरी ग्रांट में वैश्वनी मंदिर पुल के पास लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर आदि के घरों तक करीब दो किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए भी 1.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस कार्य की पहली किश्त के रूप में 81.97 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।

ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में अंजनिया स्थित शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भूमिया मंदिर गैंठन से कालसिन मंदिर होते हुए खूनी गांव तक सड़क निर्माण के पहले चरण के लिए 92.32 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसकी पहली किश्त के रूप में 55.39 लाख रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पचनई में भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों के पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय धार्मिक एवं सामुदायिक स्थलों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।