November 13, 2026 11:48 am

मुस्लिम यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर फिर आमने-सामने भाजपा-कांग्रेस, बासित अली ने कलाम-कसाब का दिया उदाहरण

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम यूनिवर्सिटी का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में आ गया है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा मुसलमानों को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जैसा शिक्षित और कामयाब बनाना चाहती है, जबकि कांग्रेस की राजनीति उन्हें गलत दिशा में ले जाने वाली है। उन्होंने अपनी बात रखने के लिए कलाम और कसाब का उदाहरण दिया।

बुधवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद बासित अली ने कहा कि भाजपा हर विश्वविद्यालय में मुस्लिम विद्यार्थियों की भागीदारी चाहती है, लेकिन किसी एक धर्म के नाम पर अलग विश्वविद्यालय बनाने के पक्ष में नहीं है। उनके मुताबिक शिक्षा सभी के लिए होनी चाहिए और किसी धर्म विशेष के नाम पर शिक्षण संस्थान बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा मुस्लिम युवाओं को आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ना चाहती है। पार्टी चाहती है कि हर बच्चे के एक हाथ में कुरान और दूसरे हाथ में कंप्यूटर हो, जबकि विपक्षी दल युवाओं को पत्थरबाजी और दंगों से जोड़कर देखते हैं। बासित अली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती रही है।

पिरान कलियर सीट पर जीत का दावा

भाजपा नेता ने 2027 के विधानसभा चुनाव में 60 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से बातचीत में उन्हें पार्टी के पक्ष में माहौल दिखाई दिया। उन्होंने दावा किया कि पिछली बार जिन सीटों पर भाजपा को हार मिली थी, वहां भी इस बार पार्टी जीत दर्ज करेगी। पिरान कलियर विधानसभा सीट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार वहां भी भाजपा का विधायक विधानसभा पहुंचेगा।

बासित अली ने उत्तराखंड में अल्पसंख्यक आबादी करीब 17 प्रतिशत और मुस्लिम आबादी लगभग 13 प्रतिशत होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में अल्पसंख्यक मोर्चा की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रही है।

सरकारी योजनाओं को लेकर धामी सरकार की सराहना

बासित अली ने दावा किया कि प्रदेश में अल्पसंख्यक समाज को बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही वक्फ बोर्ड, हज कमेटी और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के माध्यम से किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रयास मुस्लिम युवाओं को शिक्षा, तकनीक और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए उत्तराखंड में भी शांतिपूर्ण माहौल में विकास कार्य होने का दावा किया।

गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मुस्लिम यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर कांग्रेस और तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत को घेरा था। अब 2027 के चुनाव से पहले भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता के बयान ने इस पुराने मुद्दे को फिर राजनीतिक चर्चा में ला दिया है।