देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। अंकिता के माता-पिता ने अब विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराने और उनकी कॉल डिटेल की जांच करने की मांग उठाई है। उनका आरोप है कि बेटी की हत्या के बाद विनोद आर्य अपने बेटे को बचाने के लिए लगातार दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग की गई थी, लेकिन उस समय उनकी बात नहीं सुनी गई।
अंकिता के पिता ने कहा कि विनोद आर्य ने हाल ही में हरिद्वार में प्रेस वार्ता कर उनकी बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए हैं। इसके बाद वे विनोद आर्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि वर्तमान में चल रही सीबीआई जांच के दौरान विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराया जाए और उनकी कॉल डिटेल खंगाली जाए। मांग पूरी होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी भी दी गई है।
विनोद आर्य ने प्रेस वार्ता में किए थे दावे
दरअसल, दो दिन पहले विनोद आर्य ने हरिद्वार में प्रेस वार्ता की थी। इस दौरान उनके अधिवक्ता अमित पुंडीर ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी कुछ कथित व्हाट्सऐप बातचीत सार्वजनिक की थी। विनोद आर्य ने दावा किया था कि इन कथित बातचीत में कहीं भी उनके बेटे पुलकित आर्य का नाम नहीं है। उन्होंने मामले में किसी वीआईपी के शामिल होने से भी इनकार किया था।
प्रेस वार्ता के दौरान विनोद आर्य ने अंकिता के माता-पिता पर ही बेटी को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। उनके इन दावों के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया। कांग्रेस और अंकिता के माता-पिता ने विनोद आर्य के बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई है। अब अंकिता के माता-पिता ने उनकी गिरफ्तारी और नार्को टेस्ट की मांग तेज कर दी है।
आइसा के सम्मेलन में पहुंचे थे अंकिता के माता-पिता
देहरादून में आयोजित ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के सातवें राज्य सम्मेलन में अंकिता भंडारी के माता-पिता भी शामिल हुए। सम्मेलन में संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी पहुंची थीं। इसी कार्यक्रम के दौरान अंकिता के माता-पिता ने विनोद आर्य के खिलाफ अपनी मांगें दोहराईं।