देहरादून। मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए खोल दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा। उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है। देहरादून चिड़ियाघर में प्रतिवर्ष करीब साढ़े आठ लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जबकि इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि की संभावना है।
धामी ने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम भी है। यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है। पहले बच्चों के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई थी। अब कॉलेज विद्यार्थियों को भी यह सुविधा दी जाएगी, ताकि वे वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान हासिल कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है। सरकार की प्राथमिकता पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन कायम रखते हुए विकास को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वन संपदा और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।