November 21, 2026 6:10 pm

हरिद्वार में पंचतत्व में विलीन हुईं योगी आदित्यनाथ की मां, छोटे बेटे महेंद्र बिष्ट ने दी मुखाग्नि, CM धामी समेत कई गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी शनिवार को हरिद्वार में गमगीन माहौल के बीच पंचतत्व में विलीन हो गईं। नीलधारा किनारे नमामि गंगे घाट के समीप स्थित श्मशान घाट पर उनके छोटे बेटे महेंद्र बिष्ट ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में संत, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।

सावित्री देवी का पार्थिव शरीर हरिद्वार पहुंचने की सूचना मिलते ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई बार सुरक्षा घेरा बनाना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार की व्यवस्थाएं संभालीं।

अंत्येष्टि में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कई कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और कुंभ मेलाधिकारी सोनिका सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंचे। मुख्यमंत्री धामी पूरे समय योगी आदित्यनाथ के साथ मौजूद रहे और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

अखाड़ा परिषद से जुड़े विभिन्न अखाड़ों के संतों ने भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। योग गुरु स्वामी रामदेव मंत्रोच्चार के दौरान संतों के साथ मौजूद रहे। गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी।

इससे पहले शुक्रवार, 20 नवंबर को यमकेश्वर ब्लॉक के पैतृक गांव पंचूर में सावित्री देवी का निधन हो गया था। मां के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देर शाम गांव पहुंचे थे। शनिवार सुबह पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार लाया गया। योगी आदित्यनाथ ने खुद मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान वह कई बार भावुक होकर रो पड़े।