November 24, 2026 5:36 pm

बैंणी-भुली योजना पर सियासत तेज, महिलाओं ने बताया फायदेमंद तो कांग्रेस ने उठाए सवाल

देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की बैंणी-भुली योजना सियासी बहस का मुद्दा बन गई है। सरकार इसे महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की पहल बता रही है, जबकि कांग्रेस ने इसकी घोषणा के समय और मंशा पर सवाल उठाए हैं। दूसरी ओर, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने योजना का स्वागत करते हुए इसे कारोबार और आजीविका के लिए मददगार बताया है।

सरकार ने योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं तक आर्थिक सहायता पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत पात्र महिलाओं को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे बैंक खातों में दी जाएगी। पहली किस्त दिसंबर में जारी करने की तैयारी है। सरकार का कहना है कि स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को इससे आर्थिक संबल मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।

मंत्री ने बताया महिलाओं के लिए बड़ा कदम

ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने योजना को प्रदेश की महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं खेती, पशुपालन, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं। सरकार का प्रयास है कि उन्हें आर्थिक सहायता के साथ आजीविका के बेहतर अवसर भी मिलें। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने, लखपति दीदी योजना, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन तथा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि बैंणी-भुली योजना इन प्रयासों को और मजबूत करेगी।

कांग्रेस ने चुनावी मंशा पर उठाए सवाल

योजना को लेकर कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बिहार का उदाहरण देते हुए आशंका जताई कि कहीं उत्तराखंड में भी चुनाव से पहले लोगों के खातों में पैसे डालकर वोट हासिल करने और बाद में वही रकम वापस लेने जैसी स्थिति न बने। कांग्रेस का सवाल है कि चुनाव से ठीक पहले आर्थिक सहायता की घोषणा के पीछे सरकार की मंशा क्या है और क्या यह वास्तव में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल है या चुनावी लाभ लेने की कवायद।

महिलाओं को कारोबार आगे बढ़ने की उम्मीद

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने योजना को सकारात्मक पहल बताया है। उत्तरकाशी के सरनौल गांव की देवभूमि उत्तराखंड स्वयं सहायता समूह की सदस्य रेनु सिंह का कहना है कि महिलाओं के लिए नई योजनाएं शुरू होना अच्छी बात है। आर्थिक सहायता से अपना कारोबार आगे बढ़ाने वाली महिलाओं को मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप चलते रहते हैं, लेकिन हर अच्छी पहल को लालच कहना उचित नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि चुनाव के समय मिलने वाली आर्थिक मदद का असर चुनाव पर पड़ सकता है।

मालदेवता और रायपुर क्षेत्र में सक्रिय करुणा महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य कमला रावत ने भी योजना को महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अच्छा कदम बताया। उनका कहना है कि इससे महिलाओं को आगे बढ़ने और अपना कामकाज मजबूत करने में मदद मिलेगी। चुनावी माहौल में राजनीतिक बयानबाजी होना स्वाभाविक है।

वहीं, स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुकी छात्रा संध्या का मानना है कि इस तरह की आर्थिक सहायता से ग्रामीण महिलाएं छोटे कारोबार या अपना उद्यम शुरू कर सकती हैं। इससे उन्हें दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय खुद कमाई करने का अवसर मिलेगा। हालांकि, उन्होंने भी माना कि चुनाव से ठीक पहले योजना की घोषणा होने पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उत्तरकाशी के नौगांव ब्लॉक के सरनौल गांव के मातृशक्ति स्वयं सहायता समूह की सदस्य संगीता सेमवाल ने कहा कि सरकार पहले भी समूहों को स्टॉल उपलब्ध कराने और उत्पादों के विपणन में सहयोग करती रही है। इससे समूहों को लाभ मिला है। ऐसे में इस योजना को चुनावी लालच बताना उचित नहीं है। उन्होंने समूहों को मिले सहयोग के आधार पर भाजपा सरकार के प्रति समर्थन भी जताया।

दिसंबर की पहली किस्त पर टिकी निगाहें

बैंणी-भुली योजना को लेकर सरकार पांच लाख से अधिक महिलाओं तक आर्थिक मदद पहुंचाने का लक्ष्य बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे चुनावी रणनीति से जोड़ रही है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उम्मीद है कि इस राशि से उनके कारोबार और आजीविका को मजबूती मिलेगी। हालांकि, योजना का वास्तविक असर पात्रता, सहायता राशि के समय पर वितरण और उसके उपयोग से तय होगा। अब निगाहें दिसंबर में जारी होने वाली पहली किस्त पर हैं। इसके बाद ही पता चलेगा कि योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण में कितनी कारगर साबित होती है।