November 27, 2026 5:19 pm

आपदा प्रबंधन दिवस पर सीएम धामी की चार बड़ी घोषणाएं, अग्निकांड पीड़ितों को भी मिलेगा एसडीआरएफ मानकों के तहत मुआवजा…

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा की श्रेणी में शामिल करने की घोषणा की है। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी। इसके साथ ही आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा।

शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शिक्षण संस्थानों में भी आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की घोषणा की। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। ये शिक्षक विद्यार्थियों को लगातार आपदा से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन लगातार चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को कम करने के लिए जनजागरूकता के साथ ही हर स्तर पर पूर्व तैयारियां मजबूत करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया सबसे महत्वपूर्ण होती है। सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय होना चाहिए और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत पहुंचनी चाहिए। पिछले दो-तीन वर्षों में प्रदेश ने कई आपदाओं का सामना किया है। इस दौरान शासन-प्रशासन और केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ राहत और बचाव कार्य किए हैं।

सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों ने समन्वय के साथ अभियान चलाया। प्रधानमंत्री लगातार अभियान की प्रगति की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां आईं और श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए एक साथ कई वैकल्पिक उपायों पर काम किया गया। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ली गई। करीब 17 दिनों के प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मुख्यमंत्री ने इसे साहस, धैर्य, अथक परिश्रम और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल बताया। उन्होंने भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में इससे बचाव के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा अभियान मानवीय संवेदनशीलता और बेहतर टीमवर्क का उदाहरण था। आपदा से प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्य सचिव ने आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक के उपयोग, केंद्रीय संस्थानों की विशेषज्ञता का लाभ लेने, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने की आवश्यकता भी बताई।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने, जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित किए गए हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा और भरत सिंह चौधरी सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।