देहरादून। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय परखने के लिए देहरादून में रविवार रात सिविल डिफेंस की ओर से नाइट एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। करीब 25 मिनट तक चले इस अभ्यास के दौरान रात 10:05 बजे दो बार एयर रेड अलर्ट का सायरन बजाया गया। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे दोबारा सायरन बजाकर ऑल क्लियर का संकेत दिया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में संबंधित एजेंसियों की तैयारियों, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना था। अभ्यास के तहत एयर रेड अलर्ट मिलने पर सिविल डिफेंस की टीम द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना देने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियों को परखने का अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के लिए देहरादून में तीन स्थान चिह्नित किए गए थे। इनमें चकराता रोड स्थित कैपरी ट्रेड सेंटर, रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल और रायपुर रोड स्थित डील शामिल रहे। तीनों स्थानों पर सिविल डिफेंस की टीमों ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की कार्यप्रणाली का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल को लेकर जिला प्रशासन ने पहले ही आमजन से अपील की थी कि सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि यह किसी वास्तविक हमले या खतरे का संकेत नहीं, बल्कि पूर्व निर्धारित अभ्यास का हिस्सा है। जिलाधिकारी आशीष चौहान के अनुसार, रात 10:05 बजे बजने वाला सायरन एयर रेड अलर्ट और करीब 10:30 बजे बजने वाला सायरन ऑल क्लियर यानी अभ्यास समाप्त होने का संकेत था। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की।