March 1, 2026 11:00 pm

काशीपुर में सजा भव्य रंगोत्सव, CM धामी ने लोक कलाकारों संग खेली होली

काशीपुर। होली के पावन पर्व पर काशीपुर नगर निगम प्रांगण रंग, गुलाल और लोकधुनों से सराबोर नजर आया। “रंगोत्सव” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक कलाकारों, होल्यारों और नगरवासियों के साथ होली खेलते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक गायकों का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया तथा अबीर-गुलाल लगाकर सौहार्द्र और भाईचारे का संदेश दिया।

लोक-संस्कृति की गूंज से झूमा नगर निगम प्रांगण

महापौर दीपक बाली द्वारा निजी स्तर पर आयोजित इस भव्य रंगोत्सव में उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति की झलक देखने को मिली। मंच पर लोकगायक इंदर आर्या, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी और पूर्वांचल के गायक आलोक कुमार ने होली गीतों से समा बांध दिया।

वहीं, ब्रज के रास कलाकारों की फूलों की होली और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने माहौल को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। मुख्यमंत्री धामी भी लोकधुनों पर कलाकारों के साथ झूमते नजर आए, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और आत्मीयता का रंग और गहरा हो गया।

सामाजिक समरसता का संदेश

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। यह आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, एकता और सामाजिक सौहार्द्र का जीवंत उदाहरण बना।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।

ऐतिहासिक बना रंगोत्सव

महापौर दीपक बाली ने कार्यक्रम से पूर्व नगर निगम परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह आयोजन सुबह 11 बजे से आरंभ होगा और प्रदेश के प्रमुख लोक कलाकार मुख्यमंत्री की गरिमामय उपस्थिति में प्रस्तुति देंगे।

उल्लेखनीय है कि काशीपुर के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी मुख्यमंत्री ने आम जनता के बीच पहुंचकर होली मिलन कार्यक्रम में लंबे समय तक सहभागिता की। इसी उत्साह के चलते नगरवासियों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।