March 2, 2026 9:34 pm

सीएम आवास में निखरे होली के रंग, प्रदेशभर से पहुंचे कलाकारों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा, लोक गीतों पर थिरके धामी

देहरादून: मुख्यमंत्री आवास में सोमवार को होली के रंगों की बहार नजर आई। प्रदेश भर से आए लोक कलाकारों और होल्यारों ने अपनी धुनों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। इस दौरान एक तरफ हारूल नृत्य करते जौनसारी कलाकार नजर आए तो दूसरी ओर कुमाऊंनी होल्यारों की टोली होली गीतों की प्रस्तुति देती दिखी। इस अवसर पर लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री आवास का प्रांगण दिनभर होली के रंगों में सराबोर नजर आया। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लोक कलाकारों और संस्कृति कर्मियों की टोलियां पारंपरिक होली गायन करते हुए सीएम आवास पहुंचीं। गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार क्षेत्र के कलाकारों ने अपने-अपने पारंपरिक गीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। ढोल, मंजीरे और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों की संगत ने होली के गीतों को और भी आकर्षक बना दिया।

कुमाऊं से आए कलाकारों ने “आओ दगड़ियो, नाचा गावा, आ गई रंगीली होली” जैसे गीतों से माहौल को रंगीन बना दिया, वहीं पौड़ी जिले के राठ क्षेत्र से आई सांस्कृतिक टोली ने “आई डान्ड्यू बसंत, डाली मा मौल्यार” गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान पहुंचे लोग लोक संस्कृति के रंगों में सराबोर नजर आए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कलाकारों के साथ होली के रंगों में रंगे दिखाई दिए और उनके साथ थिरकते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया।

इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने कहा कि राज्य सरकार लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सराहनीय कार्य कर रही है और लोक कलाकारों को संरक्षण प्रदान किया जा रहा है।