March 2, 2026 9:45 pm

हिमालय के खूबसूरत ट्रैकिंग रूट्स से परिचित कराएगा टिहरी लेक फेस्टिवल, सीएम धामी करेंगे उद्घाटन

टिहरी: जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 6 से 9 मार्च के बीच आयोजित होने जा रहे टिहरी लेक फेस्टिवल के दौरान 9 स्थानों पर ट्रैकिंग अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन अभियानों के माध्यम से प्रतिभागियों को हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव करने के साथ ही ग्रामीण जनजीवन से भी परिचित होने का अवसर मिलेगा।

झील बनने के बाद टिहरी हाल के वर्षों में वाटर स्पोर्ट्स का प्रमुख डेस्टिनेशन बन चुका है। हालांकि यहां पहाड़ी ढलानों, जंगलों और बुग्यालों से होकर गुजरने वाले कई आकर्षक ट्रैकिंग रूट भी मौजूद हैं। जिला प्रशासन फेस्टिवल के दौरान इन रूट्स को ट्रैकिंग गतिविधियों के जरिए पर्यटकों के सामने लाने की तैयारी कर रहा है।

जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने बताया कि इन ट्रैकिंग अभियानों का उद्देश्य केवल साहसिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना और टिहरी को एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना भी है। उन्होंने बताया कि ट्रैकिंग के दौरान प्रतिभागियों के साथ प्रशिक्षित गाइड मौजूद रहेंगे और सुरक्षा व सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।

फेस्टिवल के दौरान ‘एस्ट्रो नाइट’ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें साफ आसमान के नीचे तारों का अवलोकन कराया जाएगा। दिन में ट्रैकिंग और रात में तारामंडल का अनुभव प्रतिभागियों को प्रकृति से जुड़ने का अनूठा अवसर देगा। टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त प्रयासों से आयोजित Himalayan O₂ – टिहरी लेक फेस्टिवल का शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों प्रस्तावित है।

कार्यक्रम:

07 मार्च
थंगधार कोटिया से अगान – 05 किमी
मंदार से पीडी पर्वत – 07 किमी
आगराखाल से कसमोली वर्ल्ड ट्रेल – 08 किमी
देवलसारी से नागटिब्बा – 08 किमी

08 मार्च
टिहरी झील से कोत्था पिकनिक स्पॉट – 04 किमी
गजा से घंटाकर्ण मंदिर – 04 किमी
गजा से डांडाचली – 10 किमी
थात से खैट पर्वत – 07 किमी
हुलाना खाल से बरसाताल ट्रैक – 04 किमी