देहरादून: होली से पहले राजधानी देहरादून में पानी के गुब्बारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। चकराता रोड पर कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। इस दौरान मौके पर हंगामा और तोड़फोड़ की भी सूचना है।
पुलिस के अनुसार चकराता रोड पर दीपक पुत्र जगमेर सिंह अपने दोस्त अक्षय के साथ मौजूद था। इसी दौरान मन आनंद पुत्र शम्मी आनंद निवासी लूनिया मोहल्ला से पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते झगड़े में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली नगर पहुंचकर पुलिस को अलग-अलग तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।