March 17, 2026 1:01 pm

प्रदेश में गैस आपूर्ति को लेकर धामी सरकार के प्रयास जारी, CS ने की हाईलेवल बैठक, अधिकारियों को दिये कलाबाज़ारी रोकने के निर्देश

देहरादून: आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश में एलपीजी गैस की आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों के साथ सभी जनपदों के जिलाधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेश में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को उनकी मांग के अनुरूप समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने जिलाधिकारियों से गैस आपूर्ति की स्थिति पर फीडबैक लेते हुए निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए

कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एलपीजी गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अवैध बिक्री और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी, स्टॉक की जांच और निगरानी अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न जनपदों में की गई छापेमारी, दर्ज एफआईआर और की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया गया। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को गैस कंपनियों और वितरकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा उन पर लगातार निगरानी रखने को भी कहा, ताकि गैस आपूर्ति सुचारु बनी रहे और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एल. एल. फैनई, सचिव शैलेश बगौली, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।