देहरादून: ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध के चलते वैश्विक स्तर पर गैस और ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने मंगलवार को देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित एक रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया और रेस्टोरेंट संचालकों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली।
दरअसल, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण एलपीजी की आपूर्ति को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल उत्तराखंड समेत देश के सभी राज्यों में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि कमर्शियल गैस कनेक्शन धारकों को सीमित मात्रा में गैस दी जा रही है, ताकि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
कमर्शियल गैस सप्लाई सीमित होने का असर होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों पर भी देखने को मिल रहा है। कई रेस्टोरेंट संचालकों ने खाना बनाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं अपनानी शुरू कर दी हैं, ताकि उनका कामकाज प्रभावित न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने रेस्टोरेंट संचालक से गैस आपूर्ति की स्थिति के बारे में जानकारी ली। संचालक ने बताया कि सप्लाई में थोड़ी कमी जरूर आई है, लेकिन फिलहाल गैस लगातार मिल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि गैस की खपत कम करने के लिए तंदूर का अधिक इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रशासन को वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य में गैस का कोई बड़ा संकट नहीं है, लेकिन अगर आने वाले समय में जरूरत पड़ी तो देशवासियों को एकजुट होकर इस चुनौती का सामना करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ ही आम लोगों से अपील की कि आवश्यकता पड़ने पर गैस के विकल्प के रूप में इंडक्शन और अन्य ऊर्जा साधनों का उपयोग करें।
सीएम धामी ने कहा कि जैसे कोरोना काल में देश ने एकजुटता और धैर्य का परिचय दिया था, उसी तरह किसी भी चुनौती का सामना मिलकर किया जा सकता है।