March 31, 2026 8:34 pm

ऋषिकेश बाईपास को केंद्र की मंजूरी, 1100 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा फोरलेन मार्ग

देहरादून: उत्तराखंड में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने ऋषिकेश बाईपास परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस फोरलेन बाईपास के निर्माण पर 1100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। परियोजना के पूरा होने से ऋषिकेश शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित बाईपास करीब 12 किलोमीटर से अधिक लंबा होगा, जो तीनपानी क्षेत्र से शुरू होकर योगनगरी के पास होते हुए खारास्रोत तक बनाया जाएगा। इस मार्ग के बनने से देहरादून, ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के बीच यातायात सुगम होगा।

परियोजना में आधुनिक सड़क सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। इसमें एलिवेटेड रोड, पुल और रेलवे लाइन के ऊपर रोड ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और तेज हो सकेगी।

सरकार का मानना है कि इस बाईपास के बनने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। खासतौर पर चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश में बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।