देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पुलिस लाइन देहरादून में प्रशिक्षण ले रहे पुलिस कांस्टेबलों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवा कांस्टेबलों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, आपदा प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाने तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक पहाड़ी राज्य है, जहां समय-समय पर प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। ऐसी परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसलिए सभी पुलिसकर्मियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण में निपुण होना आवश्यक है, ताकि आपदा के समय प्रभावी ढंग से राहत और बचाव कार्य किए जा सकें।
उन्होंने कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री धामी ने ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि बढ़ते यातायात को देखते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना आवश्यक है। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तत्परता से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कांस्टेबलों से आह्वान किया कि वे आधुनिक प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाते हुए जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करें और राज्य की सुरक्षा तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।