नई दिल्ली/देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रीय मंत्री से विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से हरिद्वार शहर में गंगा कॉरिडोर क्षेत्र से संबंधित लगभग ₹325 करोड़ की परियोजना के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। इसके साथ ही आगामी कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना के तहत विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण और विद्युत प्रणाली के स्वचालन के प्रथम चरण के लिए ₹325 करोड़ की राशि शीघ्र स्वीकृत करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने द्वितीय चरण के अंतर्गत शेष लगभग ₹425 करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से हरिद्वार में विद्युत व्यवस्था अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाई जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार और ऋषिकेश में होने वाले कुंभ-2027 की तैयारियों के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने हरिद्वार में घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं को मजबूत बनाने और शहरी अवसंरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी रखा। इसके साथ ही देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर के विकास का भी अनुरोध किया गया, जिससे इन शहरों के बीच आवागमन अधिक सुगम हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सड़क यातायात पर निर्भरता कम होगी और जाम की समस्या में कमी आएगी। साथ ही यह पहल उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों को आधुनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ते हुए क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन और समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगी।
केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। 📰