April 5, 2026 7:34 pm

उत्तराखंड को बड़ी सौगात, भूस्खलन प्रभावित स्थलों के उपचार के लिए केंद्र ने स्वीकृत किए ₹461 करोड़

देहरादून: उत्तराखंड में भूस्खलन प्रभावित स्थलों के उपचार एवं मरम्मत कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने ₹461 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के लिए दूरगामी प्रभाव वाला निर्णय बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की सड़क अवसंरचना को नई मजबूती मिलेगी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस स्वीकृति के तहत उत्तरकाशी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर भूस्खलन से प्रभावित 17 स्थलों के उपचार के लिए ₹233 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर तीन संवेदनशील स्थलों के उपचार के लिए ₹228 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इस पहल से आपदा जोखिम को कम करने के साथ-साथ प्रदेश के दुर्गम और सीमांत क्षेत्रों में आवागमन को भी सुगम बनाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-134 चारधाम यात्रा का एक प्रमुख मार्ग है, जो धरासू और कुठनोरी से यमुनोत्री धाम को जोड़ता है। यह मार्ग भूस्खलन की दृष्टि से काफी संवेदनशील रहा है, जिसके कारण कई बार यातायात बाधित हो जाता है और यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने से इस मार्ग की स्थिरता बढ़ेगी और चारधाम यात्रा अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगी। इससे धार्मिक पर्यटकों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड में भूस्खलन संभावित स्थलों के उपचार से सीमांत क्षेत्रों तक निर्बाध संपर्क स्थापित होगा। इससे स्थानीय निवासियों को राहत मिलने के साथ-साथ सामरिक दृष्टि से भी यह मार्ग महत्वपूर्ण साबित होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। यह स्वीकृति प्रदेश के समग्र विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

मुख्यमंत्री ने क्या कहा

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “उत्तराखंड में भूस्खलन प्रभावित स्थलों के उपचार एवं मरम्मत के लिए ₹461 करोड़ की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। यह निर्णय राज्य में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, चारधाम यात्रा को सुगम बनाने तथा सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। हमारी सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और नागरिकों की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है।” 📰