April 11, 2026 1:01 pm

सीएम धामी की समीक्षा बैठक से गायब रहे भाजपा विधायक अरविंद पांडे, सियासी हलचल तेज…

देहरादून: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की समीक्षा बैठक से गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के अनुपस्थित रहने से राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को नौ विधानसभा क्षेत्रों में की गई घोषणाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाए। अल्पकालिक कार्यों को जल्द पूरा करने और दीर्घकालिक योजनाओं को तय समयसीमा में चरणबद्ध तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया।

सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि बहु-विभागीय परियोजनाओं में बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए और नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों में देरी न हो।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मानसून से पहले तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनमें सड़क, स्वास्थ्य, खेल मैदान, फसल सुरक्षा, बाढ़ नियंत्रण और जलभराव जैसे मुद्दे शामिल रहे।

नाराजगी के संकेत?
बैठक में अरविंद पांडे की गैरमौजूदगी को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से नाराज चल रहे हैं। हाल ही में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उन्हें मनाने के लिए गदरपुर पहुंचे थे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी साल से पहले इस तरह के संकेत पार्टी के भीतर समीकरणों में बदलाव की ओर इशारा कर सकते हैं।