April 13, 2026 12:45 pm

नॉर्थ ज़ोन रीजनल कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए सीएम धामी, न्याय तक आसान पहुंच पर हुआ मंथन, कई दिग्गज रहे मौजूद

देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के तत्वावधान में आयोजित नॉर्थ ज़ोन रीजनल कॉन्फ्रेंस के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। दो दिवसीय यह सम्मेलन देहरादून में आयोजित हुआ, जिसका विषय “Enhancing Access to Justice” और थीम “Justice Beyond Barriers” रही।

सम्मेलन के समापन अवसर पर गुरमीत सिंह, भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समेत सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट के न्यायाधीश और विधि विशेषज्ञ मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान से हुई। न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने स्वागत संबोधन दिया। सम्मेलन में उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के न्यायिक अधिकारियों और विधिक सेवा प्राधिकरणों ने भाग लिया।

सम्मेलन के दौरान न्याय तक पहुंच को आसान बनाने, वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा, जेल सुधार, विचाराधीन बंदियों के अधिकार, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा एसिड अटैक पीड़ितों के पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस अवसर पर “न्याय मित्र पोर्टल” का शुभारंभ किया गया, जिससे आम नागरिक ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकेंगे। साथ ही ई-बुकलेट का भी विमोचन किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय व्यवस्था की सफलता तभी है जब अंतिम व्यक्ति तक समय पर न्याय पहुंचे। उन्होंने कहा कि न्याय प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और बाधारहित बनाना बेहद जरूरी है।

उन्होंने केंद्र सरकार की ई-कोर्ट्स, नेशनल ज्यूडिशियल डेटा ग्रिड और फास्ट ट्रैक कोर्ट्स जैसी पहलों की सराहना की। साथ ही राज्य सरकार द्वारा डिजिटल कोर्ट, ई-फाइलिंग और वर्चुअल सुनवाई जैसे कदमों को न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अहम बताया।

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि इस सम्मेलन से मिले सुझाव भविष्य में न्याय प्रणाली को और अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने में सहायक होंगे।