April 13, 2026 12:51 pm

सीएम धामी से मिले फिल्ममेकर मधुर भंडारकर, उत्तराखंड को बेहतर फिल्म हब बनाने पर हुई चर्चा

देहरादून: पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड को फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने और निवेश बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध लोकेशन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण फिल्म शूटिंग के लिए बेहद उपयुक्त राज्य है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि राज्य की फिल्म नीति के तहत निर्माताओं को सब्सिडी, टैक्स में छूट और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए शूटिंग से जुड़ी सभी अनुमतियां आसान और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे फिल्म निर्माण प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में कई फिल्मों, टीवी शो और वेब सीरीज़ की शूटिंग हो चुकी है, जिससे राज्य तेजी से फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा लोकेशन बन रहा है। यहां की वादियां, झीलें, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल फिल्मकारों को आकर्षित कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य को “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है, जो सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाता है। साथ ही राज्य में लोकेशन बैंक तैयार किया गया है, जिससे फिल्म निर्माताओं को विभिन्न शूटिंग स्थल एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म उद्योग से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। इसके लिए सरकार स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को प्रोत्साहित कर रही है, साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

इस दौरान मधुर भंडारकर ने उत्तराखंड की प्राकृतिक खूबसूरती की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने भविष्य में यहां शूटिंग करने की इच्छा भी जताई।

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि फिल्म उद्योग के विस्तार से प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।