April 13, 2026 7:27 pm

PM मोदी के दौरे से पहले कांग्रेस ने राज्य से जुड़े मुद्दों पर उठाए दस सवाल

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दस बिंदुओं पर जवाब मांगा।

गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि मामले में भाजपा नेताओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सीबीआई जांच की बात कही गई थी, लेकिन महीनों बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

उन्होंने राज्य में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता जताते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में लोग लगातार खतरे का सामना कर रहे हैं और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

युवाओं के मुद्दे पर गोदियाल ने प्रधानमंत्री के पुराने बयान “पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी” का हवाला देते हुए पूछा कि राज्य के युवाओं के लिए अब तक क्या ठोस योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी, नशाखोरी और पलायन को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए।

भर्ती घोटालों और पेपर लीक मामलों को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की छवि प्रभावित हो रही है। वहीं उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण, बंद हो रहे स्कूलों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए।

उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में शराब की नई दुकानों के खुलने पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि क्या सरकार के पास राजस्व बढ़ाने के लिए केवल खनन और शराब ही विकल्प रह गए हैं।

कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गोदियाल ने कहा कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा चिंता का विषय है। साथ ही घरेलू गैस की कालाबाजारी और बढ़ती कीमतों को लेकर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की।

गणेश गोदियाल ने कहा कि ये सवाल केवल उनके नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के हैं और कांग्रेस पार्टी विपक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।

प्रेस वार्ता का संचालन मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने किया। इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी और प्रवक्ता अभिनव थापर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।