देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता के उच्च आदर्शों को समाज तक पहुँचाने का एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनकी शिक्षाएँ सेवा, करुणा, सरलता और भक्ति का मार्ग दिखाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित फिल्में भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण एवं प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में सहायक बनेगी।
कार्यक्रम में स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर सहित अन्य कलाकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों और निर्माता-निर्देशक दल को शुभकामनाएं दीं।