देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित हिमाद्रि आइस रिंक की प्रथम वर्षगांठ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने आइस रिंक को देश और प्रदेश की शान बताते हुए खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग साढ़े 8 करोड़ रुपये की लागत से हिमाद्रि आइस रिंक का जीर्णोद्धार कर इसे फिर से खिलाड़ियों के लिए शुरू किया गया है। इसके संचालन के लिए 1 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है, जिससे हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में यह आइस रिंक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का प्रमुख केंद्र बनकर उभरी है। यहां नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप, आइस हॉकी लीग और एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे बड़े आयोजनों की सफल मेजबानी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया” जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है और भारत वैश्विक खेल मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सीएम धामी ने ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ लागू करने की घोषणा की, जिसके तहत प्रदेश के 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां खोली जाएंगी। इसके अलावा हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का भी अवसर दिया जा रहा है। साथ ही विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और खेल किट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहेंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।