June 20, 2026 8:13 pm

8 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 159 करोड़, सीएम धामी बोले- किसानों की आय बढ़ाने में उत्तराखंड देश में नंबर-1

देहरादून। प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस के अवसर पर हिमालय सांस्कृतिक केंद्र, गढ़ी कैंट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने पर प्रदेश के किसानों को बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल से वर्चुअल माध्यम से देशभर के किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस किस्त के तहत देशभर के लगभग 10 करोड़ किसानों को 18,880 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है। उत्तराखंड के 8 लाख से अधिक किसानों के खातों में 159 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि पहुंची है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में योजना शुरू होने पर प्रदेश के करीब 4 लाख किसान लाभान्वित हो रहे थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 8 लाख से अधिक हो गई है। यह किसानों के सरकार पर बढ़ते विश्वास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान देश की समृद्धि और खाद्य सुरक्षा के आधार स्तंभ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार ने किसानों के हित में नहरों से सिंचाई पूरी तरह निशुल्क कर दी है तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में 115 करोड़ रुपये के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते मौसम की चुनौतियों को देखते हुए 1000 करोड़ रुपये की लागत से “उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट” को मंजूरी दी गई है। साथ ही नई सेब नीति, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट नीति और स्टेट मिलेट मिशन के तहत किसानों को 80 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज, सीए स्टोरेज और मेगा फूड पार्क जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके। “महक क्रांति” नीति के तहत राज्य में 7 एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं और 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सगंध खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और मोटे अनाजों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि स्पष्ट नीति और ईमानदार नीयत के कारण उत्तराखंड ने किसानों की आय वृद्धि के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान हासिल किया है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर सहित बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।