देहरादून: मानसून से पहले रिस्पना नदी के पुनरुद्धार और सफाई अभियान को जिला प्रशासन एवं नगर निगम ने तेज कर दिया है। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजीव नगर क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर सौरभ थपलियाल और मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव और जल निकासी की समस्या से बचने के लिए रिस्पना नदी की व्यापक सफाई प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण के साथ-साथ शहर की जल निकासी व्यवस्था को भी मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा मार्च माह से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत अब तक लगभग 17 हजार मीट्रिक टन कूड़े का उठान किया जा चुका है। अभियान के अंतर्गत बिंदाल नदी के लगभग 8 किलोमीटर तथा रिस्पना नदी के लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक सफाई कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा शहर के अन्य नदी-नालों एवं जलधाराओं में भी नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
रिस्पना नदी के पुनरुद्धार कार्य में नगर निगम ने 12 जेसीबी मशीनें और 15 डम्पर लगाए हैं, जिनकी सहायता से नदी क्षेत्र से कूड़ा, मलबा एवं अन्य अवरोध हटाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य नदी के प्राकृतिक स्वरूप को बहाल करना और जल प्रवाह को सुचारू बनाए रखना है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि नमामि गंगे एवं जिला स्वच्छता समिति के माध्यम से नदी संरक्षण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके तहत ऐसे स्थानों का चिन्हीकरण किया जा रहा है जहां कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाएगा। साथ ही नदी में गिरने वाले बिना उपचारित नालों के जल के उपचार की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रिस्पना नदी के पुनर्जीवन के लिए दीर्घकालिक एवं व्यवहारिक योजना बनाकर चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। जिला प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से नदी संरक्षण और स्वच्छता का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अभियान में नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों और सहयोग की सराहना करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय, एसएनएस राजवीर सिंह सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।