July 5, 2026 7:36 pm

उत्तराखंड दौरे पर आएंगे केसी वेणुगोपाल, चुनावी रणनीति पर कांग्रेस की बड़ी मंथन बैठक 9 जुलाई को

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) और सांसद के.सी. वेणुगोपाल 9 जुलाई को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वह पार्टी संगठन की विभिन्न इकाइयों के साथ मैराथन बैठकें कर चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि 9 जुलाई को दोपहर 12 बजे वेणुगोपाल प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और सीडब्ल्यूसी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे राजनीतिक मामलों की समिति, शाम 4 बजे जिला और महानगर कांग्रेस अध्यक्षों तथा शाम 6 बजे पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों, विभागों और अनुषांगिक संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी।

दौरे के दूसरे दिन 10 जुलाई को वेणुगोपाल वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेंगे। दोपहर 3 बजे वह पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे, जिसमें संगठन की रणनीति और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर पार्टी का पक्ष रखेंगे। इसके बाद वे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

कांग्रेस संगठन के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।