July 5, 2026 12:18 pm

सीएम धामी के पांच साल पूरे होने पर काशी विश्वनाथ धाम में विशेष अनुष्ठान, प्रदेश की समृद्धि के लिए हुई प्रार्थना

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यसेवक के रूप में पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तरकाशी स्थित श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री के नाम से संकल्प लेकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन के साथ-साथ उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना की गई।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक, मां शक्ति का पाठ और हवन-पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश में शांति, समृद्धि और निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते पांच वर्षों में उत्तराखंड ने सुशासन, पारदर्शिता और विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकलरोधी कानून, भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निवेश को बढ़ावा, आधारभूत ढांचे का विस्तार, मातृशक्ति सशक्तीकरण और सीमांत क्षेत्रों के विकास जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए इन्हें राज्य की प्रमुख उपलब्धियां बताया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और श्रेष्ठ उत्तराखंड के निर्माण में सहभागिता का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।