July 8, 2026 12:53 pm

 ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान 2.00 में उमड़ी भीड़, 46 हजार से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा अभियान को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। 4 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान के तहत आयोजित शिविरों में अब तक 46 हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी की है, जबकि 11 हजार से ज्यादा लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया है। साथ ही लगभग 2 हजार जन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया है।

राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य आम जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके द्वार तक पहुंचाना है। अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनमें राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार 6 जुलाई तक आयोजित शिविरों में 46,151 लोगों ने भाग लिया। इनमें 11,667 लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि 1,961 शिकायतों का समाधान किया गया। शिविरों में आयुष्मान कार्ड, समाज कल्याण पेंशन, राजस्व प्रमाण-पत्र, कृषि उपकरण, बीज और अन्य लाभार्थी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।

देहरादून जिले में सबसे अधिक 30,410 लोगों ने शिविरों में भागीदारी की, जहां 7,721 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। हरिद्वार में 2,859, चम्पावत में 2,537, पिथौरागढ़ में 1,700 से अधिक, पौड़ी में 1,627 और अल्मोड़ा में 1,401 लोगों ने शिविरों का लाभ उठाया।

राज्य सरकार का कहना है कि यह अभियान सुशासन को गांव-गांव तक पहुंचाने और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है तथा लोगों को योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।