July 21, 2026 7:06 pm

बीकेटीसी अध्यक्ष का गोदियाल पर पलटवार, मंदिर समिति के धन के दुरुपयोग के लगाए आरोप, कहा –  चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच जारी

देहरादून। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों का जवाब देते हुए उन पर मंदिर समिति के धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में द्विवेदी ने कहा कि गोदियाल ने अपने कार्यकाल के दौरान मंदिर समिति के चढ़ावे और दान की राशि का व्यक्तिगत स्तर पर वितरण किया।

उन्होंने दावा किया कि गोदियाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों को 25 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मंदिर समिति के कोष से दी। साथ ही आरोप लगाया कि अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने समिति के संसाधनों का निजी उपयोग किया।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चढ़ावा चोरी प्रकरण की निष्पक्ष जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गणेश गोदियाल बिना तथ्यों और प्रमाणों के बयान देकर जांच को प्रभावित करने और दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

द्विवेदी ने कहा कि भाजपा की लड़ाई किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए है। उन्होंने कहा कि बदरी-केदार धाम की पवित्रता और श्रद्धालुओं के विश्वास से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दोषी को सजा मिलेगी और यदि कोई निर्दोष है तो उस पर झूठे आरोप लगाने वालों को भी जवाब देना होगा।

उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 14 महीनों में उन्होंने मंदिर समिति से कोई निजी स्टाफ नहीं रखा, बल्कि कर्मचारियों को फील्ड में कार्य करने के लिए लगाया। वहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि गोदियाल के कार्यकाल में उनके साथ 10 से 12 कर्मचारी निजी स्टाफ के रूप में तैनात रहते थे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गोदियाल ने अध्यक्ष रहते हुए बीकेटीसी से मिलने वाले सभी लाभ लेने के बावजूद सार्वजनिक रूप से इसके विपरीत दावा किया।

प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी और मीडिया संपर्क संयोजक हरीश चमोली भी मौजूद रहे।