देहरादून/हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार दौरे के दौरान लगभग 235 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली गंगा कॉरिडोर की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने सीसीआर भवन में कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले शिवभक्तों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिजली, पेयजल, सड़क, यातायात, सुरक्षा, घाटों की सफाई, पार्किंग और शौचालयों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस वर्ष महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग शौचालयों की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों, संत समाज और सभी संबंधित विभागों से कांवड़ियों के स्वागत एवं सुरक्षित यात्रा के लिए समन्वय से कार्य करने का आह्वान किया।
सीएम धामी ने कहा कि गंगा कॉरिडोर परियोजना हरिद्वार के आध्यात्मिक, धार्मिक और पर्यटन महत्व को नई पहचान देगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इन परियोजनाओं के तहत रोड़ीबेलवाला क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर 58.84 करोड़ रुपये, हरकी पैड़ी के विकास पर 66.76 करोड़ रुपये, उत्तरी हरकी पैड़ी के सौंदर्यीकरण पर 66.34 करोड़ रुपये तथा प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास पर 43.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा द्वारा आयोजित किसान संवाद एवं आम पार्टी कार्यक्रम में भी भाग लिया और कहा कि राज्य सरकार हरिद्वार के समग्र विकास तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।