August 4, 2026 1:03 pm

मुख्यमंत्री धामी ने 150 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को दी मंजूरी, शिक्षा, पेयजल और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को मिली वित्तीय स्वीकृति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शिक्षा, पेयजल और धार्मिक पर्यटन से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल 150 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखण्ड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से 33.54 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया है।

इसके अलावा टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खोलाकडाकोट स्थित डुण्डेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

पेयजल योजनाओं के तहत चम्पावत जिले के लोहाघाट विकासखंड में पाऊ पम्पिंग योजना के सुदृढ़ीकरण के लिए 2.69 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत सहस्त्रधारा पेयजल योजना के लिए 113.15 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से शिक्षा, पेयजल आपूर्ति और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी तथा प्रदेश के समग्र विकास को गति मिलेगी।