August 6, 2026 7:27 pm

मुख्यमंत्री धामी से एनसीसी महानिदेशक की शिष्टाचार भेंट, उत्तराखंड में एनसीसी विस्तार पर हुई चर्चा

देहरादून। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में एनसीसी महानिदेशक ने राज्य के अधिकाधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों के गठन, प्रशिक्षण सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना की रूपरेखा मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला देश का महत्वपूर्ण संगठन है, जिसकी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार और आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास से जुड़ी सभी योजनाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से प्रदेश के युवाओं को नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र सेवा के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।