August 14, 2026 1:02 pm

टीएचडीसी सुरंग में फंसे 22 में से 19 लोग बाहर निकाले गए, 3 की तलाश जारी, हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना

पीपलकोटी। मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद रातभर राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। सुरंग में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन लोगों की तलाश अभी जारी है। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग के लिए सुरंग के भीतर गए सभी छह बचावकर्मी भी सुरक्षित हैं। हादसे में अब तक सात लोगों की मृत्यु की सूचना है।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी सुरंग की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। सुरंग के लगभग डेढ़ किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से वहां काम कर रहे कुछ लोग अंदर फंस गए थे।

जिला प्रशासन की ओर से रातभर बचाव अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और बचाव दलों से लगातार जानकारी लेते हुए शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों और तकनीकी सहायता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही हैं।

बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, पुलिस सहित अन्य तकनीकी और विशेषज्ञ टीमें जुटी हुई हैं। सुरंग के भीतर मलबे और पानी की चुनौती के बीच बचाव दल अत्यंत सावधानी और आपसी समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी बनाए रखी है। प्रशासन की ओर से शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही घायलों के उपचार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।