August 14, 2026 1:10 pm

डिफेंस कॉलोनी में शिवमहापुराण कथा में शामिल हुए CM धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डिफेंस कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति की ओर से आयोजित शिवमहापुराण कथा में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवमहापुराण कथा जैसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं। ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही नई पीढ़ी को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान उसकी आध्यात्मिक चेतना और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से है। राज्य सरकार प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन आयोजनों से सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के साथ समाज में आपसी सौहार्द और सद्भाव की भावना भी सुदृढ़ होती है।

कार्यक्रम में कथा व्यास एवं श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।