देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों, वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। साथ ही 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने, घायलों को बेहतर उपचार देने और क्षतिग्रस्त सड़क, पुल, पेयजल व विद्युत लाइनों को जल्द दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को वर्ष 2035 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और विभिन्न बांध परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने के लिए स्टार्टअप व्यवस्था को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इन्क्यूबेशन केंद्रों के साथ 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री की सात बड़ी घोषणाएं
- चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
- प्रदेश में पहला युवा आयोग स्थापित किया जाएगा।
- सीमावर्ती गांवों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम के लिए अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
- वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।
- प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
- 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू होगी। इसमें निःशुल्क प्रशिक्षण और बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि तक सरकारी अनुदान दिया जाएगा।
- प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से बाल वीरता पुरस्कार शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां विकास के साथ विरासत, रोजगार के साथ पलायन का समाधान और आधुनिकता के साथ संस्कृति एवं पहचान की मजबूती सुनिश्चित हो।