August 19, 2026 7:25 pm

श्रीनगर में कांग्रेस को बड़ा झटका ? मेयर आरती भंडारी समेत 10 पार्षद भाजपा में शामिल

श्रीनगर। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भंडारी और उनके पति समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी के नेतृत्व में 10 पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मौजूदगी में सभी ने भाजपा का दामन थामा।

भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में विजय चमोली सोनू, मीना भारती, भावना चौहान, अंजनी भंडारी, आशीष नेगी, अनुराग चौहान, राजकुमार, नरेंद्र सिंह रावत, धर्म सिंह रावत और प्रवेश चमोली शामिल हैं। इनमें अनुराग चौहान और राजकुमार कांग्रेस के पार्षद हैं, जबकि अन्य पार्षद निर्दलीय बताए गए हैं।

महापौर आरती भंडारी ने कहा कि भाजपा में शामिल होकर वह श्रीनगर के विकास और जनसेवा के संकल्प को और मजबूती देंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर लगातार लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और आने वाले दिनों में भाजपा में शामिल होने वालों की संख्या और बढ़ेगी।

वहीं कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत के विधानसभा क्षेत्र में महापौर समेत 10 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्रीनगर सीट पर धन सिंह रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बीच राजनीतिक मुकाबला पहले से ही चर्चा में रहा है। ऐसे में स्थानीय निकाय के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

गौरतलब है कि 2025 के नगर निगम चुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद आरती भंडारी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था और महापौर पद पर जीत हासिल की थी। अब भाजपा में उनकी वापसी को श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।