हरिद्वार। हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चार्जशीट समिति के अध्यक्ष करण माहरा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कुंभ क्षेत्र में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों में कथित अनियमितता व धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए।
माहरा ने करीब 709 करोड़ रुपये के कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट, निविदा और भुगतान का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने सतीकुंड के पुनरोद्धार तथा बिल्केश्वर रोड पर फुटपाथ और सौंदर्यीकरण की लागत पर भी सवाल उठाए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मौजूदा स्थिति की जांच कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सड़क, सीवर, बिजली और पेयजल से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय के साथ तीसरे पक्ष से तकनीकी और वित्तीय लेखा परीक्षण कराया जाना चाहिए। माहरा ने कहा कि कांग्रेस इन कार्यों का भौतिक निरीक्षण करेगी और देहरादून में साक्ष्यों के साथ इस मामले को उठाएगी।
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को बताया राजनीतिक कवायद
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कुंभ की तैयारियों को लेकर अब तक कोई सुझाव नहीं दिया और अब सत्ता हासिल करने की कोशिश में उसे हर काम में कमी नजर आ रही है।
शर्मा ने कहा कि कुंभ मेला प्रशासन की पूरी टीम भव्य आयोजन की तैयारियों में जुटी है, जबकि कांग्रेस का काम केवल कमियां ढूंढना रह गया है। उन्होंने कांग्रेस की चार्जशीट समिति के हरिद्वार दौरे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि समिति के लोग यहां आए, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हुआ कि उन्होंने क्या काम किया।