देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं में संतुष्टि का भाव भी दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा का संचालन सतर्कता और निगरानी के साथ किया जा रहा है।
गुजरात के गांधीनगर नगर निगम की महापौर मीरा पटेल ने बदरीनाथ धाम में आयोजित तीन दिवसीय महाविष्णु यज्ञ और केदारनाथ धाम के दर्शन के दौरान उत्तराखंड सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से मिले सहयोग के लिए आभार जताया है।
महापौर ने मुख्यमंत्री को भेजे आभार पत्र में बताया कि उनके परिवार की ओर से छह से आठ सितंबर 2026 तक बदरीनाथ धाम में तीन दिवसीय महाविष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद गुजरात से आए 188 श्रद्धालुओं के दल ने केदारनाथ धाम के दर्शन किए। दल में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी शामिल थे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार, स्थानीय प्रशासन और संबंधित व्यवस्थापकों के सहयोग से श्रद्धालुओं को दोनों धामों में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन का अवसर मिला। यात्रा के दौरान मिले सहयोग और आत्मीयता को उन्होंने उत्तराखंड की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का प्रमाण बताया।
मीरा पटेल ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने भगवान बदरी-केदार से उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।