देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के मीडिया समन्वयक राजीव महर्षि ने पार्टी में गुटबाजी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता और सामाजिक माध्यमों के जरिए कांग्रेस नेताओं के बीच मतभेद और गुटबाजी की धारणा बनाने का प्रयास कर रही है।
राजीव महर्षि ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सौम्य, सरल और समझदार नेता हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य अनुभवी और परिपक्व नेता हैं। उन्होंने कहा कि हरीश रावत, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत और करन माहरा जैसे वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों के साथ चुनाव प्रबंधन में भी सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी शैलजा के नेतृत्व में पार्टी का मुख्य लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाना है। इसके लिए संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने पर जोर दिया जा रहा है।
राजीव महर्षि के मुताबिक कांग्रेस युवाओं, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य, पिछड़े वर्गों और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के हितों को प्रमुख मुद्दा मानकर आगे बढ़ेगी।