देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध निशानेबाज स्वर्गीय जसपाल राणा के जीवन, संघर्ष और भारतीय निशानेबाजी में उनके योगदान पर आधारित पुस्तक ‘मैवरिक जसपाल : द मैन हू चेंज्ड इंडियन शूटिंग’ का विमोचन किया। इस अवसर पर जसपाल राणा की पत्नी रीना राणा, पुत्र युवराज राणा और पुत्री देवांशी राणा ने मुख्यमंत्री आवास में उनसे भेंट की और उन्हें पुस्तक की प्रति भेंट की।
मुख्यमंत्री ने जसपाल राणा की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और यह संदेश देती हैं कि निरंतर अभ्यास, समर्पण तथा आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के साथ उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ाया। उनका जीवन और खेल सफर युवा खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक पाठकों, विशेषकर युवा खिलाड़ियों को जसपाल राणा के अनुभवों, संघर्ष और उपलब्धियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने इस प्रयास के लिए जसपाल राणा के परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं।