October 13, 2026 12:54 pm

ढाल सिंह बिसेन होंगे उत्तराखंड के नए राज्यपाल, मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तराखंड समेत छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। इसके तहत मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे। वहीं, उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिसेन का लंबा राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में योगदान प्रेरणादायी है। मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री, सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में उन्होंने जनहित एवं समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य में सुशासन और जनकल्याण के प्रयासों को गति मिलेगी।

चार बार विधायक और पूर्व केंद्रीय सांसद रहे बिसेन

ढाल सिंह बिसेन का जन्म मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था। पेशे से आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सक होने के साथ वह किसान भी हैं। वह मध्य प्रदेश की बरघाट विधानसभा सीट से चार बार विधायक चुने गए। वर्ष 2003 से 2005 तक उन्होंने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद वर्ष 2011 से 2013 तक वह मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में बिसेन बालाघाट संसदीय क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए। वह वर्ष 2024 तक 17वीं लोकसभा के सदस्य रहे। उनके राजनीतिक अनुभव को देखते हुए अब उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गुरमीत सिंह के नाम दर्ज हुआ सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड

उत्तराखंड के निवर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह के कार्यकाल में राज्यपाल पद पर सबसे लंबे समय तक रहने का रिकॉर्ड दर्ज हुआ। उन्होंने 15 सितंबर 2021 को उत्तराखंड के आठवें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। छह जुलाई 2026 को उन्होंने राज्य में राज्यपाल के तौर पर सबसे लंबे कार्यकाल का पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

इससे पहले यह रिकॉर्ड सुदर्शन अग्रवाल के नाम था, जिन्होंने आठ जनवरी 2003 से 28 अक्टूबर 2007 तक राज्यपाल के रूप में कार्य किया था। उनके कार्यकाल की अवधि 1,755 दिन रही। गुरमीत सिंह ने पांच जुलाई 2026 को यह अवधि पूरी की और अगले दिन नया रिकॉर्ड स्थापित किया। अब ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति के साथ उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिलने जा रहा है।