देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 अक्टूबर को ऊधमसिंह नगर और चंपावत को छोड़कर प्रदेश के बाकी 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 14 से 16 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल सहित कुछ मैदानी इलाकों में भी बारिश के आसार हैं। 15 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल में बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है, जबकि 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के कुछ जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 14 अक्टूबर को 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है। बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश में तापमान गिरने से ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने सतर्क रहने की अपील की
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय सतर्कता बरतने की सलाह दी है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से भी मौसम का पूर्वानुमान लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि बीते दिनों प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा था। ऐसे में मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों और किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है।