देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद अस्पताल में भर्ती रेखा आर्या ने वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने शादी से जुड़े आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि विवाह से पहले उन्हें गिरधारी लाल साहू की पहली शादी के बारे में जानकारी नहीं थी। वहीं, पति की ओर से लगाए गए 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति के आरोपों पर भी उन्होंने जवाब दिया। रेखा आर्या ने कहा कि यदि उनके खिलाफ सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए।
‘पुलिस पर भरोसा, निष्पक्ष जांच से मिलेगा न्याय’
रेखा आर्या ने कहा कि उन्हें पुलिस पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि उनकी शिकायत पर तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह किसी सामान्य महिला की शिकायत पर पुलिस न्याय दिलाने का प्रयास करती है, उसी तरह उन्हें भी न्याय मिलेगा।
रेखा आर्या ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने मानसिक प्रताड़ना, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, कथित फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए एक कंपनी के निदेशक पद से हटाने और एक अन्य महिला के साथ मिलकर जान से मारने की साजिश रचने जैसे आरोप लगाए हैं। उन्होंने पति की पहली शादी और अन्य संबंधों से जुड़े आरोप भी लगाए हैं। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
210 करोड़ के आरोप पर दी चुनौती
गिरधारी लाल साहू की ओर से रेखा आर्या पर लगभग 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने और महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े कामकाज में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। साहू ने बच्चों के पोषण आहार और राशन से संबंधित मामलों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
इन आरोपों पर जवाब देते हुए रेखा आर्या ने कहा, “अगर वह इस तरह के कोई भी सबूत दे देते हैं तो मैं अपनी शिकायत वापस ले लूंगी। मैंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है। इस तरह के आरोप जानबूझकर लगाए जा रहे हैं। अगर इस मामले में मेरे खिलाफ कुछ सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक करें।”
दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप
विवाद की शुरुआत में रेखा आर्या ने वीडियो जारी कर गिरधारी लाल साहू पर धोखे से शादी करने, दूसरी महिलाओं से संबंध रखने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्होंने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। दूसरी ओर, गिरधारी लाल साहू ने भी वीडियो जारी कर रेखा आर्या पर गंभीर आरोप लगाए।
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच का विषय है। मामले में पुलिस की जांच और उसके निष्कर्षों पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।