October 25, 2026 5:52 pm

छठ महोत्सव को भव्य बनाने की तैयारी, 10 नवंबर को लोक गायिका देवी के गीतों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

देहरादून। आगामी छठ महोत्सव की तैयारियों को लेकर बिहारी महासभा की आमसभा देहरादून स्थित शिवबालयोगी आश्रम में संपन्न हुई। बैठक में इस वर्ष छठ पर्व को पिछले वर्षों से अधिक भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से मनाने पर चर्चा की गई। महासभा ने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम को आकर्षक बनाने की रणनीति तैयार की।

बैठक की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह ने की, जबकि संचालन सचिव चंदन कुमार झा ने किया। बैठक में मुख्य रूप से छठ घाटों की तैयारियों और छठ महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम पर चर्चा हुई। अध्यक्ष ललन सिंह ने बताया कि इस वर्ष 13 नवंबर को नहाय-खाय, 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।

महासभा के सदस्यों ने तय किया कि नगर निगम और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी छठ घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ जल, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित कराने के प्रयास किए जाएंगे। महिला श्रद्धालुओं के लिए वस्त्र बदलने की अलग व्यवस्था करने के साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए युवाओं की स्वयंसेवक टीम बनाई जाएगी। महासभा ने छठ घाटों को प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील भी की।

बैठक में छठ महोत्सव के मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। यह कार्यक्रम 10 नवंबर 2026 को गढ़ी कैंट स्थित हरबंस कपूर मेमोरियल सभागार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका देवी अपने 20 सहयोगी कलाकारों के साथ छठ गीत, भजन और झांकियां प्रस्तुत करेंगी। आयोजन के माध्यम से देहरादून में बिहार और पूर्वांचल की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

महासभा ने कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को आमंत्रित करने के लिए औपचारिक निमंत्रण पत्र भेजने का निर्णय लिया। सचिव चंदन कुमार झा ने बताया कि कार्यक्रम के लिए चंदा संग्रह शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सभी से सहयोग की अपील की।

अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि इस वर्ष का छठ महोत्सव देहरादून में एकता, आस्था और बिहार की संस्कृति का प्रतीक बनेगा। उन्होंने बैठक में शामिल सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

बैठक में महासभा के वरिष्ठ सदस्य गोपाल गोयंका, सुरेंद्र अग्रवाल, रितेश धीमान, डॉ. रंजन कुमार, डीके सिंह, रितेश कुमार, अजय कुमार, सत्येंद्र सिंह, विनय सिंह, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार, रवि रंजन, विनय कुमार, विजयपाल, शंकर दास, मनोज साहनी, अश्वनी कुमार, सुधीर सिंह, रवि यादव, गणेश, सनी, दिनेश शर्मा, विनोद कुमार, दशरथ शाह, रामबरन शाह, राजीव राय, अमित, विनय, छोटेलाल, राजकुमार यादव और धर्मेंद्र ठाकुर सहित सैकड़ों सदस्यों ने भाग लिया।