March 1, 2026 2:30 pm

रंग, गुलाल और लोकधुनों की छटा, बिहारी महासभा ने मनाई यादगार होली

देहरादून। बिहारी महासभा द्वारा देहरादून स्थित ONGC Officers Club में होली का त्योहार धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। आयोजित होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने विशेष आकर्षण बिखेरा। कलाकारों ने होली के पारंपरिक भोजपुरी, मगही और मैथिली गीतों पर नृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियां दीं। ‘कान्हा करे बरजोरी’ जैसे पारंपरिक होली गीतों पर पूरा परिसर झूम उठा और वातावरण रंगों व उत्साह से सराबोर हो गया।

बिहारी महासभा के सचिव चंदन कुमार झा ने कहा कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता का प्रतीक है। इस अवसर पर सभी लोगों ने भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के साथ मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह, सचिव चंदन कुमार झा, कोषाध्यक्ष रितेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, सुरेंद्र अग्रवाल, राकेश रंजन, प्रभात कुमार, शशिकांत गिरी, विनय कुमार सहित सैकड़ों सदस्यों ने सहभागिता की और होली की बधाइयां दीं।